ग्वालियर में सशक्त जनसंवाद,समस्याओं के त्वरित समाधान का संकल्प।

मध्य प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के समाधियाँ कॉलोनी स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों की व्यक्तिगत, सामाजिक और विकास से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

जनसुनवाई के दौरान मंत्री कुशवाह ने कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति जनता में निहित है और जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता की समस्याओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जनता की हर समस्या का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना ही हमारा संकल्प है, क्योंकि जनसेवा ही हमारा धर्म है।”

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सहायता, पेंशन, राशन, आवास, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और स्थानीय विकास से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। मंत्री कुशवाह ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र, संवेदनशील और नियमसम्मत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

जनसंवाद के दौरान मंत्री ने दिव्यांगजन, वृद्धजन, महिलाओं और कमजोर वर्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सामाजिक न्याय तभी सार्थक है जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति विनम्रता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की सीख भी दी।

जनसुनवाई में उपस्थित नागरिकों ने मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की सहजता, संवेदनशीलता और समस्याओं के प्रति त्वरित संज्ञान लेने के रवैये की सराहना की। कार्यक्रम जनविश्वास, संवाद और समाधान का प्रभावशाली उदाहरण बनकर उभरा।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal