जयपुर । राजस्थान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस और भाजपा के बीच वार-पलटवार तेज हो गया है। इस बीच वसुंधरा राजे सरकार में मंत्री और राजस्थान के कोलायत से सात बार विधायक रहे देवी सिंह भाटी गुरुवार को केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। उल्लेखनीय है ‎कि भाजपा के 2019 के लोकसभा चुनाव में बीकानेर से पार्टी सांसद और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को टिकट देने के फैसले से नाराज  देवी सिंह भाटी ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
भाटी के पार्टी में शामिल होने के बाद राजस्थान भाजपा ने ट्वीटर एक्स देवी सिंह भाटी की सदस्यता की पु‎ष्टि  करते हुए ‎‎कहा है ‎कि  पूर्व में भी भाजपा ने भाटी के अनुभवों का लाभ उठाया है, अब इनके दोबारा पार्टी में शामिल होने से भाजपा को और मजबूती ‎मिली  है। देवी सिंह भाटी राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी, बीजेपी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। 
देवी सिंह भाटी ने कहा था कि उन्होंने अर्जुन राम मेघवाल की पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से इस्तीफा दिया था। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मेघवाल के बारे में अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक करेगी। उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में हो सकते हैं। 200 सीटों वाली मौजूदा राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के पास बहुमत है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्य सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।