जबलपुर  ।  प्रियंका गांधी वाड्रा डुमना एयरपोर्ट से रवाना होकर गौरीघाट पहुंचकर नर्मदा पूजन किया। 11 पुजारियों ने मंत्रों का वाचन किया। इसके बाद वे उमाघाट पर भी पूजा अर्चना की। इसके साथी भंवरताल गार्डन पहुंचीं, जहां रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।प्रियंका वाड्रा भंवरताल गार्डन में रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद लोक नृत्य कलाकारों से मिलीं उसके बाद आदिवासी नेताओं से उन्होंने हालचाल पूछा और गोल बाजार के लिए रवाना हुईं। जबलपुर में मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर कमल नाथ को गदा भेंट किया गया।  विवेक तन्खा ने कहा कि महाकोशल क्षेत्र की उपेक्षा की गई है। कमल नाथ कैबिनेट की बैठक यहां कर तीन हजार करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए थे लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार में उन कार्यों को ठंडे बस्ते में डाल दिया। यहां रोजगार की समस्या है, अच्छा इलाज नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार बने तब कमल नाथ कैबिनेट की बैठक यहां करें और सारे अधूरे कार्यों को पूरा करने के साथ-साथ रोजगार मिले यह सुनिश्चित करें।

इस दौरान वे कर्नाटक में जिस तरह कांग्रेस ने सरकार बनने पर जनता को गारंटी देने का वादा किया था, उसी तरह प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर जनता को दी जाने वाली गारंटी का उल्लेख किया। महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह, पांच सौ में रसोई गैस सिलेंडर, 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट बिजली आधी दर पर देने की घोषणा प्रमुख हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर लागू की जाने वाली नारी सम्मान योजना के आवेदन पत्र अपने हस्ताक्षर से प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं को दिए। शहीद स्मारक मैदान पर मुख्य कार्यक्रम सभा स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। मंच के दांई ओर विधायकों के बैठने का इंतजाम रहा। बांई ओर विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों का इंतजाम रहा। विधायक दीर्घा में अनेक अन्य कांग्रेस नेताओं ने बैठक जमा रखी थी। उद्घोषक द्वारा मंच से बारंबार निवेदन किए जाने के बावजूद बावजूद ये नेता नहीं अलग हुए।

महाकोशल में परिणाम दोहराना चाहती है कांग्रेस, विंध्य- बुंदेलखंड पर भी नजर

नवंबर 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत आज जबलपुर से पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करने जा रही हैं। महाकोशल क्षेत्र कांग्रेस के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 2018 के चुनाव में यहां से कांग्रेस ने 22 सीटें जीती थीं लेकिन विंध्य और बुंदेलखंड में नुकसान हुआ था। यह दोनों क्षेत्र महाकोशल से लगे हुए हैं।

किसान ऋण माफी योजना आगे बढ़ाने की बात

साथ ही 2018 के चुनाव में किसान ऋण माफी योजना की जो घोषणा की गई थी, उसे आगे बढ़ाने की बात भी वे रखेंगी। कर्मचारी वर्ग के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की घोषणा भी करेंगी। प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने से पहले भी गौरी घाट पर मां नर्मदा का पूजन करेंगी। यहां से रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए सभा स्थल पर पहुंचेंगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गौरी घाट से लेकर सभा स्थल तक जगह-जगह स्वागत के लिए मंच बनाए हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता यहां पहुंच चुके हैं।

2018 के चुनाव में महाकोशल क्षेत्र में कांग्रेस को मिली थी 22 सीटें

पार्टी पदाधिकारियों कहना है कि बुंदेलखंड का दमोह हो या विंध्य क्षेत्र का उमरिया, अनूपपुर या शहडोल, आपस में जुड़े हुए हैं। पिछले चुनाव में विंध्य क्षेत्र में पार्टी को 23 स्थानों पर हार का सामना करना पड़ा था। बुंदेलखंड अंचल में 10 सीटें ही कांग्रेस जीत सकी थी। इसे देखते हुए चुनाव अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। जबलपुर के बाद रीवा, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर में भी इसी तरह बड़े कार्यक्रम किए जाएंगे।