मंत्री नारायण सिंह कुशवाह द्वितीय भव्य शोभायात्रा में हुए शामिल,कि प्रभु श्री रामलला की पूजा-अर्चना-आरती।

ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के हनुमान बाँध स्थित शीतला माँ सेवा समिति, ग्वालियर द्वारा आराध्य प्रभु श्री रामलला मंदिर निर्माण के पावन उपलक्ष्य में आयोजित द्वितीय भव्य शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में मध्य प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह विशेष रूप से सम्मिलित हुए।

मंत्री श्री कुशवाह ने शोभायात्रा में सहभागिता करते हुए प्रभु श्री रामलला की विधिवत आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, सामाजिक समरसता एवं विश्व कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम का जीवन सत्य, मर्यादा, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। राम मंदिर निर्माण केवल एक धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधता है।

शोभायात्रा में रामलला की मनोहारी झांकी, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जय श्री राम के उद्घोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, युवा वर्ग और संतगण शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और दिव्यता और अधिक बढ़ गई।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री जय प्रकाश राजौरिया, कार्यक्रम संयोजक एवं अध्यक्ष श्री बसंत गोड़याले सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र की जनता विशिष्ट रूप से उपस्थित रही। सभी ने मिलकर मंदिर निर्माण हेतु सहयोग और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने आयोजन समिति को इस सफल एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal