भोपाल । पितृ विदाई के साथ ही शारदीय नवरात्रि जल्द शुरू होने जा रहे हैं। ऐसे में राजधानी भोपाल में उत्सव की तैयारियां जोरों पर है। शहर के कई स्थानों पर झांकियों और माता रानी का दरबार सजाने पंडाल बनने शुरू हो गए हैं। इस बार राजधानी में थ्रीडी स्क्रीन पर समुद्र मंथन की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी।पुराने शहर के टीला जमालपुरा में भी इस बार माता रानी की आकर्षक झांकी सजाई जा रही है। इस बार यहां गुफाओं के बीच थ्रीडी स्क्रीन पर समुद्र मंथन की झांकी बनाई जा रही है। इसमें समुद्र मंथन के दौरान देवताओं और असुरों का संघर्ष दिखाया जाएगा। इस झांकी का निर्माण मां दुर्गा उत्सव समिति टीला जमालपुरा की ओर से किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष वरुण गुप्ता ने बताया कि इस बार यह झांकी देवताओं और असुरों द्वारा रत्न प्राप्ति के लिए किए गए समुद्र मंथन के दृश्य पर आधारित रहेगी। यह दृश्य थ्रीडी इफेक्ट में दिखाया जाएगा। देवताओं एवं असुरों को मिलाकर 18 मूविंग द्वारा समुद्र मंथन करते हुए दिखाया जाएगा।
इस झांकी का निर्माण 10 हजार वर्गफीट में किया जा रहा है। इसे छिंदवाड़ा के कारीगर आकार दे रहे हैं। एक माह से इस झांकी का कार्य चल रहा है और इन दिनों अंतिम चरण का काम चल रहा है। यह झांकी तकरीबन 15 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार हो रही है। कारीगर दिन रात काम कर झांकी को आकार देने में जुटे हुए हैं।
वहीं इस बार शहर की झांकियों में राजस्थानी संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी। यहां तैयार की जा रही राजस्थानी पैटर्न पर यहां की प्रतिमा का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार माता रानी के दरबार को राजस्थानी आर्ट और चित्रकारी से सजाया जाएगा। मां दुर्गा उत्सव समिति टीला जमालपुरा की ओर से यह झांकी तैयार की जा रही है। इस बार आयोजन का यह 26 वां वर्ष है।