भोपाल30जनवरी/एसएसआरजीएसपी दक्ष और आत्मविश्वासी युवाओं के लिए सशक्त प्लेटफार्म मंत्री टेटवाल
मई-2025 बैच प्लेसमेंट किक-ऑफ सत्र सम्पन्न।
कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कहा कि जब भी वे संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क आते हैं, तो यहाँ का वातावरण उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देता है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान अब केवल एक प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि ऐसा सशक्त प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहाँ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष और आत्मविश्वासी युवा तैयार हो रहे हैं। मंत्री टेटवाल ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यहाँ से प्रशिक्षित विद्यार्थी तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता का भी परिचय देंगे और आने वाले समय में अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे। मंत्री टेटवाल ने संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में मई-2025 बैच के प्लेसमेंट किक ऑफ सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मंत्री टेटवाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों के माध्यम से रोजगार की बदलती प्रकृति पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का फोकस युवाओं को केवल रोजगारोन्मुख बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उद्यमिता के लिए भी सक्षम करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, आत्मअनुशासन और प्लेसमेंट की ठोस तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश देते हुए कहा कि शासन स्तर पर हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
ग्लोबल स्किल्स पार्क के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश शर्मा ने बताया कि संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ रही है, इंडस्ट्री कनेक्ट लगातार मजबूत हो रहा है और विभिन्न उद्योग स्वयं प्रशिक्षण के लिए संस्थान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण की शुरुआत, एलुमनी क्लब के गठन और उत्कृष्ट विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान करने की आगामी पहल की जानकारी भी दी।
डायरेक्टर एक्सटर्नल रिलेशंस नीरज सहाय ने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने रिज़्यूमे, प्रोजेक्ट्स और स्किल्स को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यही उनकी पेशेवर पहचान का आधार बनता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सिंगापुर एक्सपोजर विज़िट तथा संस्थान में संचालित विभिन्न एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों से जुड़े वीडियो प्रदर्शित किए गए। इस क्रम में संस्थान के वार्षिक कैलेंडर, कौशलम न्यूज़लेटर तथा एडमिशन से संबंधित सामग्री का विमोचन किया गया। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
संस्थान में आयोजित रिपब्लिक डे, वीर बाल दिवस और एलुमनी स्पीक जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शासकीय संभागीय आईटीआई, भोपाल के छात्र हर्षित द्विवेदी, रितेश कीर और आकाश विश्वकर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
बबीता मिश्रा/बीके इंजी.नरेश बाथम

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (14 फ़रवरी 2026)
धरती का चलता फिरता कल्प वृक्ष है गौमाता: जगदगुरू राजेन्द्रदास महाराज
नोहलेश्वर महोत्सव आस्था के साथ संस्कृति, परम्परा और सामाजिक समरसता का उत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जनगणना से ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की रणनीति होती है तय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सामूहिक विवाह सबसे उत्तम, खर्चीली शादियों से बचें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव