भोपाल 10अप्रैल/नववर्ष मेले में तनु सिंह की सुरमयी शाम, टीटी नगर दशहरा मैदान देर रात तक झूमता रहा
"भोपाल दशहरा मैदान, तनु सिंह की गायकी का जादू, झुमे दर्शक"
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित नववर्ष मेले की शुक्रवार की शाम संगीत और उल्लास के नाम रही। शहर की प्रसिद्ध गायिका तनु सिंह ने अपनी मधुर आवाज और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति के जरिए ऐसा समां बांधा कि पूरा मैदान देर रात तक तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
तनु सिंह ने अपने बैंड के साथ मंच संभालते ही दर्शकों को सुरों की ऐसी दुनिया में ले गईं, जहां हर गीत पर लोग खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। उन्होंने “रात बाकी”, “शायद मेरी शादी का ख्याल”, “मैं कमली-कमली” और “दम मारो दम, हरे कृष्णा हरे राम” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। दर्शक न केवल गीतों का आनंद लेते नजर आए, बल्कि कई लोग झूमते और गुनगुनाते हुए कार्यक्रम का हिस्सा बन गए।
कार्यक्रम में नववर्ष मेला समिति के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रबंधक विमल भंडारी, राग रंग म्यूजिकल ग्रुप के आयोजक सुमीत शर्मा तथा व्यास म्यूजिकल ग्रुप के संचालक संजय व्यास सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा जयदीप सरकार और राजा यादव ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। शहर के विभिन्न संगीत समूहों और कलाकारों ने भी तनु सिंह को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नववर्ष मेले में प्रतिदिन आयोजित हो रहे ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम राजधानीवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम बन रहा है, बल्कि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान कर रहा है। टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित यह संगीत संध्या इस बात का प्रमाण बनी कि भोपाल की सांस्कृतिक विरासत आज भी उतनी ही जीवंत और समृद्ध है, जहां कला और संगीत के प्रति लोगों का उत्साह निरंतर बढ़ता जा रहा है।

‘ईरान सिर्फ बातचीत के लिए जिंदा है’, ट्रंप की धमकी से बढ़ा तनाव
कार से उतरकर मिले पीएम मोदी-राहुल गांधी, संसद परिसर में हुई अहम बातचीत
एमवाय अस्पताल हादसे के बाद फिर चिंता, भोपाल AIIMS NICU में दिखे चूहे