Vacancy: नई नियुक्तियों में इस साल 8.3 फीसदी वृद्धि की उम्मीद है। सबसे ज्यादा मांग विनिर्माण, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं व बीमा, वाहन, खुदरा और यात्रा क्षेत्र में रहेगी। दिसंबर में करीब दो फीसदी सुधार के बाद इस साल भर्तियों में तेजी की उम्मीद है। भर्तियों में बंगलूरू में सबसे ज्यादा 11 फीसदी वृद्धि हो सकती है। अर्थव्यवस्था ने 2023 के अंत में एक बदलाव का अनुभव किया। नौकरी बाजार में भी परिवर्तन हुआ, जहां नौकरी छोड़ने और भर्ती करने की दर स्थिर रही। रिपोर्ट में कहा गया है, नौकरी के कम अवसरों के बावजूद नई नौकरियों व भर्तियों के बीच असंतुलन के कारण सही प्रतिभा खोजने में भी कंपनियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

समुद्री और शिपिंग में 28 फीसदी की तेजी

समुद्री-शिपिंग उद्योग में 2023 में नियुक्तियों में 28 फीसदी वृद्धि रही। कंपनियों ने बढ़ते वैश्विक व्यापार का लाभ उठाया। आपूर्ति शृंखला व्यवधानों का अच्छे से प्रबंधन किया। खुदरा, यात्रा और पर्यटन क्षेत्रों में 25 फीसदी तेजी रही। विज्ञापन, बाजार रिसर्च व जनसंपर्क क्षेत्र में 18 फीसदी वृद्धि रही। इस साल एआई क्षेत्र में भी लोगों की मांग बढ़ेगी।