भोपाल 1फरवरी/ केंद्रीय बजट 2026-27, विकसित भारत की मजबूत नींव,मंत्री कुशवाह
ग्वालियर/मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला जनकल्याणकारी और विकासोन्मुखी बजट बताया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, रोजगार सृजन को गति देने और समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण उत्थान का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
मंत्री कुशवाह ने ग्वालियर के अचलेश्वर रोड स्थित जीवाजी क्लब में आयोजित बजट श्रवण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों के साथ केंद्रीय बजट को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बजट की प्राथमिकताएं किसान, युवा, महिला, श्रमिक, मध्यम वर्ग और वंचित वर्गों की आकांक्षाओं से सीधे जुड़ी हैं, जिससे समावेशी विकास की दिशा में देश निर्णायक कदम बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि बजट में कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीक, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने से मूल्य संवर्धन, बाजार पहुंच और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा और किसानों की आर्थिक सुरक्षा सुदृढ़ होगी।
युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप और रोजगार के अवसरों पर बजट का फोकस भारत की जनसांख्यिकीय शक्ति को आर्थिक शक्ति में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण है। शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया गया है। वहीं महिला सशक्तिकरण के लिए लक्षित योजनाओं से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और सामाजिक-आर्थिक ढांचे में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़े प्रावधान वंचित वर्गों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने वाले हैं। समावेशी नीतियों, सामाजिक सुरक्षा और अवसरों की समानता से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचेगा। आधारभूत संरचना में निवेश से कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और शहरी-ग्रामीण संतुलन को नई गति मिलेगी, जिससे व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बजट मध्यम वर्ग के हितों का संरक्षण करते हुए कर-सरलीकरण, जीवन-यापन की लागत में संतुलन और दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता को प्राथमिकता देता है। इससे उपभोक्ता विश्वास बढ़ेगा और घरेलू मांग को बल मिलेगा, जो आर्थिक विकास का प्रमुख इंजन है।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री तथा महाराष्ट्र के सहप्रभारी जयभान सिंह पवैया, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, जिला महामंत्री विनय जैन, विनोद शर्मा, राजू पलैया, पूर्व सभापति राकेश माहौर, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, सुधीर गुप्ता, जीवाजी क्लब अध्यक्ष राजेन्द्र सेठ सहित भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन और राष्ट्र निर्माण का संतुलित दस्तावेज है, जो ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से हासिल करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

नोहलेश्वर महोत्सव आस्था के साथ संस्कृति, परम्परा और सामाजिक समरसता का उत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जनगणना से ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की रणनीति होती है तय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सामूहिक विवाह सबसे उत्तम, खर्चीली शादियों से बचें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त की मेहनत को राज्य ने किया पहचान
सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ करें कार्य : राज्यपाल पटेल