अनवरत बहती रहे विकास की धारा, यही संकल्प है हमारा प्रदेश सरकार की मंशानुसार उप नगर ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के नेतृत्व में निकाली जा रही विकास यात्रा का स्वागत बड़े जोर-शोर से आमजन द्वारा किया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा है कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने का कार्य विकास यात्रा के दौरान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनवरत बहती रहे विकास की धारा, यही संकल्प है हमारा। ऊर्जा मंत्री तोमर ने यात्रा में 83 लाख रूपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।

मंत्री तोमर ने यात्रा के दौरान स्वर्ण रेखा नदी पर बनाये जा रहे एलीवेटेड रोड का निरीक्षण किया। विकास यात्रा के दसवें दिन यात्रा ग्वालियर के वार्ड 9 में भैरव मंदिर से शुरू होकर, रानीपुरा, रंगियाना मौहल्ला, राजा मंडी होते हुए काशी नरेश की गली में संपन्न हुई। ऊर्जा मंत्री तोमर ने विद्युत एवं नगर निगम के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। यात्रा के रूट में आने वाली आँगनवाड़ियों में पहुँच कर लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए। स्कूलों में पहुँच कर शिक्षकों का सम्मान भी किया। साथ ही जन-कल्याणकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को हितलाभ वितरण किए। 15 फरवरी को विकास यात्रा वार्ड-16 में सुबह 10:30 बजे चंदनपुरा सिंधिया पार्क से प्रारंभ होगी।

 राजेश पाण्डेय/मधु सोलापुरकर