जल गंगा संवर्धन अभियान,मंत्री पटेल ने सींगरी नदी पथ एवं पाट की सफ़ाई में किया श्रमदान

भविष्य की चिंताओं का समाधान करने के लिए प्रयास वर्तमान में ही करने पड़ते हैं। इसलिये, प्रदेश सरकार ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के माध्यम से भविष्य के जल संकट के समाधान के लिए गंभीर पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह अभियान सरकारी योजना से आगे बढ़कर अब पर्यावरण और जल संरक्षण, जल संरचनाओं का पुनरुत्थान और सांस्कृतिक जन जागरण का जन अभियान बन गया है। अभियान को जन अभियान बनाने में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की सक्रियता भी सराहनीय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया जल गंगा संवर्धन अभियान एक बहुस्तरीय आयोजन है। इसका उद्देश्य राज्य के जल स्रोतों जैसे नदियों, तालाबों, झीलों, बावड़ियों, पुराने कुओं और जलधाराओं को पुनर्जीवित करना और उन्हें सतत रूप से संरक्षित करना है।

समाज से लेने वालों को नहीं कुछ देने वालों को रखा जाता है सदैव याद - मंत्री श्री पटेल

पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने नरसिंहपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा संचालित प्राचीन "सींगरी नदी" पथ एवं पाट की सफ़ाई के अभियान में श्रमदान किया। मंत्री श्री पटेल ने सींगरी नदी के उद्गम स्थल से 5 किमी तक नदी का पथ एवं पाट अतिक्रमण मुक्त कर नदी के पुनर्जीवन के लिए पद यात्रा का शुभारंभ किया। नदी पुनर्जीवन के लिए स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जो समाज से लेता है उसे याद नहीं किया जाता, लेकिन जो समाज को कुछ देता है, उसे हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने अभियान में शामिल हुए नागरिकों से आहवान किया कि नदी का संगम, पर्वतों, वृक्ष और मनुष्य का संगम, जहां जीवन की संभावनायें होती है, उसे संरक्षित करना चाहिए।

प्राचीन शुडेश्वर महादेव मंदिर की जल संरचनाओं की हुई सफाई

शिवपुरी जिले में विकासखण्ड करैरा के गांव सिरसौद में अतिप्राचीन शुडेश्वर महादेव मंदिर की प्राचीनकाल में बनीं जल संरचनाएं हैं। साफ सफाई के अभाव में जल संरचनाओं के स्रोत कचरे के अवरोधों से बंद हो रहे थे, साथ ही पानी भी प्रदूषित हो चुका था। जल गंगा अभियान के तहत जन अभियान परिषद के सदस्यों ने मंदिर की जल संरचनाओं की साफ सफाई की। परिषद के सदस्यों ने मंदिर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण जल के जीवन में महत्व के विषय में जानकारी दी। सुडेश्र्वर महादेव मंदिर के महंत ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के उपाय बताते हुए जल संरचनाओं को संरक्षित रखने की शपथ दिलाई।

दतूनी नदी के बिजेश्र्वर महादेव धाम तट पर साफ-सफाई

जल गंगा संवर्धन अभियान में जल संरचनाओं के निर्माण एवं गहरीकरण के साथ ही नदी, नालों, कुएं, बावड़ियों और कुंडों की साफ-सफाई की जा रही है। जल संरचनाओं में से गंदगी गाद बाहर निकाली जा रही है। साथ ही खेत तालाबों का भी निर्माण किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मप्र जनअभियान परिषद की देवास जिला इकाई ने कन्नौद विकासखंड के बिजवाड़ गांव में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से प्राचीन बिजेश्र्वर महादेव धाम के समीप दतूनी नदी और तटों की स्वच्छता के लिए अभियान चलाया। नदी की सफाई के साथ सभी मौजूद श्रमदानियों ने नदी, बावड़ी, कुएं, और तालाब जैसी पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण की शपथ ली।

 

 लक्ष्मण सिंह/बीके इंजी नरेश बाथम

न्यूज़ सोर्स : mpinfo/mp1news Bhopal