अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुकहा गांव में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर स्वयं फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह घटना का खुलासा हुआ तो हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।गांव निवासी धर्मराज पासी उर्फ धरमू लखनऊ में रहकर मजदूरी करता है। घर पर उसकी मां ननकाव पत्नी शीतला देई के अलावा चार साल की पुत्री निधि व ढाई साल का पुत्र रितेश रहते थे। सोमवार रात सभी भोजन कर सोने चले गए। सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो सास ननका ने ग्रामीणों से गुहार लगाई। गांव वाले मौके पर पहुंचे। आवाज लगाने पर दरवाजा नहीं खुला तो ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया।

दरवाजा टूटते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग भयभीत हो गए। दोनों मासूमों का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। शीतला देई (28) भी रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से लटक रही थी। दोनों बच्चों की गर्दन कटी हुई थी। शिवरतनगंज पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष शिवरतनगंज अमरेंद्र सिंह ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। गांव में सनसनी के साथ मातम का माहौल है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में ले लिया है।