मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को संभाग एवं जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि संगठन के कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं और उनकी मेहनत, निष्ठा तथा एकजुटता ही भाजपा की सफलता का आधार है।

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज में स्थायी विश्वास निर्माण से जुड़ी हुई है। इसलिए हमें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में संभाग एवं जिला प्रभारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इनके माध्यम से पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम गांव-गांव तक पहुँचते हैं, जिससे संगठन की जड़ें और मजबूत होती हैं। उन्होंने सभी प्रभारियों से समन्वय और संवाद को और अधिक सशक्त करने पर जोर दिया।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। श्री खंडेलवाल ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है, जो उन्हें समान अवसर प्रदान करने और उनके अधिकारों की रक्षा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय को महिला सशक्तिकरण की दिशा में दूरदर्शी पहल बताया। इसके अलावा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग-2026 को लेकर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, दिशा और वैचारिक मजबूती प्रदान करेगा, जिससे वे पार्टी के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा कर सकेंगे।

बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी एवं गौरव रणदिवे भी मंचासीन रहे। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

न्यूज़ सोर्स : pradesh media/mp1news Bhopal