पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के पावन अवसर पर 24 दिसंबर 2025 की संध्या को रविन्द्र भवन, भोपाल में अटल संवाद एवं जनधारा के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम “अटल सम्मान 2025” का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर योग, स्वास्थ्य, ध्यान और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में निरंतर एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए योगाचार्य डॉ. टी. एस. बावल को सम्मानित किया गया। इस सम्मान के साथ ही डॉ. बावल का मान-सम्मान न केवल भोपाल बल्कि पूरे प्रदेश में नई ऊँचाइयों तक पहुँचा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी रहे, जबकि विशेष अतिथि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव एवं हरिओम जटिया उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, सुशासन, राष्ट्रवादी चिंतन, कवि हृदय और लोकतांत्रिक मूल्यों को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी के आदर्श आज भी देश और समाज को दिशा देने वाले हैं।

योगाचार्य डॉ. टी. एस. बावल को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने कहा कि योग, ध्यान और स्वास्थ्य के माध्यम से उन्होंने समाज में सकारात्मक चेतना का विस्तार किया है। उनके प्रयासों से जन-जन तक स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश पहुँचा है, जो अटल जी के “राष्ट्र प्रथम” के विचार से पूर्णतः मेल खाता है।

कार्यक्रम की गरिमा को और ऊँचाई देते हुए महान गायक मोहम्मद रफी की जयंती के अवसर पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत उनके अमर गीतों ने वातावरण को संगीतमय और भावनात्मक बना दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।“अटल सम्मान 2025” ने अटल विचार, समाजसेवा और योग-संस्कृति को एक सूत्र में पिरोते हुए प्रदेश के लिए प्रेरणादायी संदेश दिया।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal