अयोध्या । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या दौरे पर हैं। शनिवार को रोड शो के दौरान पीएम मोदी पर सड़क के दोनों तरफ मौजूद हजारों लोगों ने फूल बरसाए। इसके बाद पीएम मोदी ने अयोध्या स्टेशन का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने 6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी अचानक एक दलित धनीराम मांझी के घर भी पहुंचे। इसके बाद पीएम ने मोदी महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या धाम का उदघाटना किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में प्रगति का उत्साह है, कुछ दिन बाद परंपरा का उत्सव होगा। इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में दलित धनीराम मांझी के घर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने चाय पी। लोगों ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली। फिर मोदी का काफिला एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि यहां हर तरह का काम करने वाले छोटे-मोटे दुकानदार भाइयों की आय बढ़ेगी। वंदे भारत, नमो भारत के बाद एक और आधुनिक ट्रेन देश को मिली है। इसका नाम अमृत भारत रखा है। ये तीनों ट्रेनों की त्रिशक्ति भारतीय रेलवे का कायाकल्प करने जा रही है। इससे ज्यादा खुशी की बात क्या होगी कि ये पहली अमृत भारत अयोध्या से गुजर रही है। ये रामलला के दर्शन को ओर सुगम बनाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि हम अयोध्या को स्मार्ट बना रहे हैं। आज यहां सड़कों का चौड़ीकरण, फुटपाथ, फ्लाईओवर बन रहे हैं। इस आसपास के जिलों से जोड़ने यातायात के साधनों को सुधारा जा रहा है। मुझे खुशी है कि एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा है। उन्होंने हमें रामायण के जरिए भगवान राम से परिचित करवाया। उनके लिए भगवान श्री राम ने कहा था कि तुम त्रिकाल दर्शी मुनिनाथा, बिस्व बदर जिमि तुम्हरे हाथा। इसके बाद महर्षि के नाम एयरपोर्ट पर आने वाले हर यात्री को धन्य करेगा। रामायण वहां ज्ञान मार्ग है, जो हमें प्रभु श्रीराम से जोड़ती है। यह एयरपोर्ट दुनिया को दिव्य भव्य-नव्य राममंदिर से जोड़ेगा। पीएम मोदी ने कहा-एक समय था जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि देश के चार करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। भारत की मिट्टी के कण-कण और जन-जन का मैं पुजारी हूं। मैं भी उतना ही उत्सुक हूं। ये उत्साह उमंग आज अयोध्या की सड़कों पर नजर आ रहा था। ऐसा लग रहा था कि पूरी अयोध्या नगरी सड़क पर उतर आई है। पीएम मोदी ने कहा कि देश के इतिहास में 30 दिसंबर की ये तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। आज के दिन ही 1943 में नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में झंडा फहराकर भारत की आजादी का जयघोष किया था। आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है। आज भगवान राम की नगरी अयोध्या में 15,700 करोड़ की 46 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में अयोध्या नगरी अवध क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे यूपी के विकास को ये दिशा देने वाली है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं। अयोध्या श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में बहुत बड़ी वृद्धि होगी। यह ध्यान में रखकर हमारी सरकार अयोध्या में हजारों करोड़ रुपए के विकास काम करा रही है, अयोध्या को स्मार्ट बना रही है। 
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम की प्राण-प्रिय नगरी, श्री अयोध्या जी अपने चिर-पुरातन वैभव के साथ सज और संवर रही हैं। प्रभु के आगमन के पहले प्रधानमंत्री का संकल्प था, अयोध्या को सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित किया जाए। भगवान राम त्रेता युग में पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे, आज प्रधानमंत्री ने अयोध्यावासियों को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करके उपहार दे दिया है। यह वहीं अयोध्या है, जहां आने की बात तब दूर, नाम लेने में लोग संकोच करते थे। आज एक नया रिकॉर्ड भी बन गया है। अयोध्या सबसे अधिक बार आने वाले प्रधानमंत्री में मोदी का नाम है।
रोड शो के दौरान दोनों किनारों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए मोदी का स्वागत हुआ। करीब एक लाख लोगों ने 51 जगहों पर पीएम का स्वागत किया। अयोध्या में आज सिर्फ राम के जयकारे और भजन गूंज रहे। 12 जगहों पर संत-महंत और 23 संस्कृत विद्यालयों के 1895 वैदिक छात्रों ने मंत्र और शंख ध्वनि से स्वागत किया। 
6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी 
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या दौरे पर हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी 8 किमी लंबा रोड शो कर अयोध्या स्टेशन का लोकार्पण किया। इसके बाद 6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। 
पीएम मोदी ने जिन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, उसमें 6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेन शामिल हैं। बता दें, एक अमृत भारत ट्रेन अयोध्या से दरभंगा के बीच और दूसरी मालदा टाउन-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनस (बेंगलुरु) के बीच चलेगी। वहीं, पीएम मोदी ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, कोयंबटूर-बैंगलोर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, मैंगलोर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस, जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस और अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल को हरी झंडी दिखाई। 
बता दें कि मोदी तीसरी बार राम नगरी आए हैं। पहली बार वह 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर भूमि पूजन में शामिल हुए थे। इसके बाद 23 क्टूबर, 2022 को दीपोत्सव में हिस्सा लिया था।