सीएम सरमा ने पूछा भारत खंडित कहा हुआ, जो राहुल जोड़ने निकले  


कन्याकुमारी । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार से अपनी 'भारत जोड़ो' यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं, लेकिन भाजपा ने पूछा है, कि भारत पहले ही जुड़ा हुआ है, तब राहुल क्या जोड़ने निकले हैं। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठ रहा हैं, कि उनकी इस यात्रा में कन्हैया कुमार को क्यों शामिल किया गया है? गौरतलब है कि जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के कार्यकाल में ही जेएनयू में भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे देशविरोधी नारेबाजी हुई थी और कन्हैया को देशद्रोह मामले में जेल भी हुई थी।
बहरहाल, भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पिता स्वर्गीय राजीव गांधी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रार्थना सभा में शामिल हुए।
बता दें कि राहुल गांधी शाम को कन्याकुमारी के समुद्री तट के निकट जनसभा को संबोधित करके इस यात्रा की औपचारिक शुरुआत करने वाले हैं, हालांकि राहुल गांधी और 118 अन्य ‘भारत यात्री’ आठ सितंबर की सुबह विधिवत पदयात्रा आरंभ करने वाले हैं। राहुल गांधी की पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यात्रा कर्नाटक में 21 दिनों तक चलेगी और उसके बाद उत्तर की तरफ अन्य राज्यों में जाएगी।
दूसरी ओर, कन्याकुमारी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ की भव्य तैयारियां की हैं। शहर भर में कई स्थानों में पोस्टर लगे हैं, जिसमें तमिल भाषा में ‘‘राहुल गांधी आपका स्वागत है’’ और ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ लिखा है।
इस बीच, कांग्रेस नेता दावा कर रहे हैं, कि यह यात्रा भारत में एक नई क्रांति लाएगी, वहीं भाजपा ने इस यात्रा पर जोरदार तंज कसा है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि भारत खंडित कहां हुआ है, जो राहुल उसे जोड़ने निकले हैं। सरमा ने कहा कि भारत खंडित कांग्रेस के टाइम ही हुआ था जब पाकिस्तान बना था, इसकारण राहुल को पाकिस्तान से अपनी यात्रा शुरू करनी चाहिए।